कैमोर।
विजयराघवगढ़-कैमोर मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम देवरी मझगवां में सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उनमें भरे पानी से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लोक निर्माण विभाग (PWD) की कथित लापरवाही के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों में बेशरम के पौधे रोपकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई बार शिकायत और पत्राचार के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्राम सरपंच ने बताया कि बारिश शुरू होने से पहले ही संबंधित विभाग को सड़क की जर्जर स्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। उन्होंने विभागीय उदासीनता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान समाजसेवी एवं हाईकोर्ट अधिवक्ता ब्रह्ममुहूर्ति तिवारी ने कहा कि लगातार पत्राचार और शिकायतों के बावजूद लोक निर्माण विभाग “कुंभकरण की नींद” सो रहा है। इसी के विरोध में गड्ढों में बेशरम के पौधों का रोपण कर विभाग को जगाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण चक्का जाम आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
वहीं ग्रामवासी ऋषभ तिवारी ने बताया कि पिछले लगभग पांच वर्षों से हर बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है। प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार आवाजाही के बावजूद सड़क की समस्या पर ध्यान नहीं दिया जाता, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कर दुर्घटनाओं की आशंका को समाप्त करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।