बारिपदा:
मयूरभंज जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बीजू जनता दल (बीजेडी) ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेडी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपाध्यक्ष (डिप्टी स्पीकर) सानंद मारांडी ने कहा कि बारिपदा स्थित पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्वास्थ्य अवसंरचना पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व में विकसित की गई थी और वर्ष 2024 में इसका लोकार्पण भी हो चुका था। इसके बावजूद वर्तमान सरकार ने राजनीतिक श्रेय लेने की मंशा से इस परियोजना को लगभग दो वर्षों तक ठप रखा।
उन्होंने कहा कि बीजेडी के लगातार आंदोलन और मांगों के बाद तथा उनकी चेतावनी के पश्चात राज्य सरकार सक्रिय हुई है। अब परियोजना का रंग-रूप बदलकर पुनः उद्घाटन करने की तैयारी की जा रही है, जो सरकार की संकीर्ण राजनीतिक मानसिकता को दर्शाता है।
सानंद मारांडी ने मांग की कि केवल उद्घाटन कार्यक्रम तक सीमित रहने के बजाय मयूरभंज की वास्तविक स्वास्थ्य जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने जिले के लिए तत्काल 10 निःशुल्क आईसीयू एम्बुलेंस, मेडिकल कॉलेज एवं विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त पड़े डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों के पदों को भरने, मरीजों के लिए एम्स-प्लस स्तर की उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने तथा जिले में दो अतिरिक्त ब्लड बैंक स्थापित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि ये मांगें मयूरभंज की जनता की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकताएं हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बनाने के बजाय जनसेवा का माध्यम बनाया जाना चाहिए।
मारांडी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की अनदेखी जारी रखी, तो बीजेडी मयूरभंज के हित में अपना आंदोलन और संघर्ष और तेज करेगी तथा जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी करेगी।
रिपोर्ट: हिमांशु प्रहराज, स्टेट हेड, मयूरभंज।