राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। थाना एनकेजे क्षेत्र के सुर्खी टैंक स्थित चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर अब चेतावनी और जन-जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते सतर्क किया जा सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया और उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।
गौरतलब है कि सुर्खी टैंक क्षेत्र में पूर्व में कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान जाने और गंभीर रूप से घायल होने की घटनाएं सामने आई थीं। इन्हीं हादसों को देखते हुए पुलिस ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र में चेतावनी फ्लेक्स बोर्ड, सावधानी संकेतक और जागरूकता संदेश स्थापित किए हैं।
इन बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरटेकिंग से बचने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा सड़क पर सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए भी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले के अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का भी सर्वेक्षण किया जाएगा और वहां भी आवश्यक सुधारात्मक एवं जागरूकता संबंधी कार्यवाही की जाएगी। कटनी पुलिस का लक्ष्य जनसहयोग से सुरक्षित, सुगम और दुर्घटना मुक्त यातायात व्यवस्था स्थापित करना है।