रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना
चंबल संभाग के कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को दिए कड़े निर्देश, अभ्यारण क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने पर जोर
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने चंबल संभाग के मुरैना, भिण्ड एवं श्योपुर जिलों में रेत के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चंबल अभ्यारण क्षेत्र सहित नदियों से होने वाले अवैध रेत उत्खनन पर पूर्णतः रोक लगाई जाए तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
मुख्य सचिव श्री जैन ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चंबल संभाग के कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बिना नंबर वाले वाहनों को तत्काल जब्त करने, अवैध परिवहन मार्गों पर नाकेबंदी बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चंबल अभ्यारण क्षेत्र अंतर्गत चंबल नदी एवं अन्य नदियों से रेत के अवैध उत्खनन को रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाए। संवेदनशील घाटों एवं मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं तथा प्रभावी चौकिंग नाके बनाकर निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए। उन्होंने जिला स्तर पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं वनमंडल अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पुलिस, परिवहन, खनिज, राजस्व एवं वन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा नियमित निरीक्षण एवं सघन अभियान चलाए जाएं। साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। नदियों के किनारे अथवा अन्य स्थानों पर अवैध रूप से डंप की गई रेत का नियमानुसार विनिष्टीकरण भी सुनिश्चित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एनआईसी कक्ष मुरैना से चंबल संभाग के आयुक्त श्री सुरेश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक श्री सचिन कुमार अतुलकर, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, वनमंडलाधिकारी श्री हरीशचंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरेंद्र कुमार डाबर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री विक्रम कंग तथा जिला खनिज अधिकारी श्री सुखदेव निर्मल सहित वीसी के माध्यम से भिण्ड एवं श्योपुर जिले के कलेक्टर साथ ही पुलिस अधीक्षक और वन विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के उपरांत कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिले के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतत अभियान चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि बिना नंबर वाले वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाए तथा चंबल नदी के घाटों पर विशेष निगरानी रखते हुए अवैध गतिविधियों को पूरी तरह रोकने के लिए संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में अवैध खनन के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी