दुद्धी(सोनभद्र)।(विवेक सिंह)
विढमगंज थाना क्षेत्र के डुमरा कोरगी गांव में लंबे समय से बनी विद्युत समस्या अब ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट का रूप लेती जा रही है। गांव में लो वोल्टेज और ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार के कारण किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपते हुए गांव में उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्थापित वर्तमान ट्रांसफार्मर बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ रहे विद्युत उपभोक्ताओं के दबाव को वहन करने में सक्षम नहीं है। ट्रांसफार्मर पर अधिक भार पड़ने के कारण अधिकांश समय लो वोल्टेज की स्थिति बनी रहती है, जिससे किसानों के विद्युत चालित पंपसेट और मोटरें सुचारु रूप से नहीं चल पा रही हैं। कई किसानों की मोटरें खराब हो चुकी हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने बताया कि इस समय खेती-किसानी का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है और सिंचाई के लिए बिजली की आवश्यकता सबसे अधिक है। लेकिन पर्याप्त वोल्टेज न मिलने के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसलों की उत्पादकता पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। वहीं ग्रामीण उपभोक्ताओं को पंखा, कूलर, फ्रिज एवं अन्य विद्युत उपकरणों के संचालन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में गांव में तत्काल 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराने, अतिरिक्त विद्युत पोल लगाने तथा विद्युत लाइन विस्तार का कार्य कराने की मांग की गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन देने वालों में छोटेलाल मौर्य प्रमुख रूप से शामिल रहे। उनके साथ गांव के अनेक किसानों एवं ग्रामीणों ने भी हस्ताक्षर कर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो किसानों की खेती और ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ेगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग से जनहित में तत्काल पहल करने की मांग करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए गांव की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।