दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कोतवाली क्षेत्र मुरता गाँव में मंगलवार को 25 वर्षीय समा पुत्र मोहन निवासी महुअरिया की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने खून से लथपथ हालत में पड़े युवक का शव देखकर पुलिस को सूचना दी।प्राथमिक जांच में शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। घटनास्थल पर कई बड़े पत्थर खून से सने मिले हैं और साथ ही धारदार हथियार के निशान भी पाए जाने का संकेत मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने पत्थरों और धारदार हथियार दोनों से हमला कर युवक की हत्या की है।सूचना पाकर दुद्धी क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए और शव को विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फॉरेस्टिंग टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य इकट्ठा कर वापस लौट गई है।सीओ राजेश कुमार राय ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से हत्या के सही कारण और घटनाक्रम का खुलासा होगा।