राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम क्षेत्र में अमृत योजना के तहत चल रहे सीवर नेटवर्क एवं पाइपलाइन विस्तार कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर की आधारभूत संरचना से जुड़ी इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में महापौर ने क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि जहां-जहां सीवर एवं पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, वहां नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए कार्यों का सुव्यवस्थित और चरणबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के साथ-साथ रेस्टोरेशन कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए और खुदाई के बाद सड़कों व मार्गों को निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पुनर्स्थापित किया जाए।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में कार्य शुरू करने से पहले संबंधित पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों को सूचना दी जाए तथा परियोजना से जुड़ी जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। इससे लोगों को होने वाली असुविधा कम होगी और परियोजना के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
जनसुरक्षा को लेकर उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि खुदाई कार्य केवल उतने ही क्षेत्र में किया जाए, जहां समय पर भराई और पुनर्स्थापन संभव हो। सभी कार्यस्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
महापौर ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अमृत योजना के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, असिस्टेंट रेजिडेंट इंजीनियर सौरभ नोगज़ा एवं पीडीएमसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।