राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम कटनी द्वारा शहर के वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शिवाजी वार्ड एवं बाबू जगजीवन राम वार्ड में लगभग 46.94 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण एवं डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद प्रभा गुप्ता एवं फमीदा आफताब सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, पूर्व पार्षद आफताब चोखे भाई, अधिवक्ता मनोज गुप्ता, समाजसेवी विनीत जायसवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
नगर निगम के अनुसार शिवाजी वार्ड में 10.37 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य किया जाएगा, जबकि बाबू जगजीवन राम वार्ड में एलआईजी स्कूल तक सड़क निर्माण एवं डामरीकरण कार्य 36.57 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने कहा कि नगर निगम ऐसे विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
शिवाजी वार्ड की पार्षद प्रभा गुप्ता ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। कार्य शुरू होने से लोगों को आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी तथा वार्ड के विकास को नई गति मिलेगी।
वहीं बाबू जगजीवन राम वार्ड की पार्षद फमीदा आफताब ने कहा कि अच्छी सड़कें किसी भी क्षेत्र की प्रगति का आधार होती हैं। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र का सौंदर्य बढ़ेगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों और नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया। भूमिपूजन के पश्चात महापौर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया तथा नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने की अपील की।
नगर निगम के इन विकास कार्यों से दोनों वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।