राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम कटनी द्वारा शहर के रामकृष्ण परमहंस वार्ड में विकास कार्यों को गति देते हुए 22 लाख रुपये से अधिक लागत के दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन बुधवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद शकुंतला सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
भूमिपूजन के तहत साहू हाउस से कबाड़ी मेन रोड तक लगभग 17.60 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य तथा बिलगवां रोड पर 4.46 लाख रुपये की लागत से रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी और वर्षाकाल में होने वाली समस्याओं से नागरिकों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। सड़क, नाली, सीसी रोड और रिटेनिंग वॉल जैसे निर्माण कार्यों से शहर का स्वरूप बदल रहा है तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
क्षेत्रीय पार्षद शकुंतला सोनी ने कहा कि वार्ड में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन एवं महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास कार्यों की गति बनाए रखी जाएगी।
इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, बीना बैनर्जी, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष कौशलेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम के पश्चात महापौर एवं जनप्रतिनिधियों ने वार्ड का भ्रमण कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने सामूहिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।