बरेली
शाहजहांपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में रोडवेज बस ड्राइवर प्रमोद कुमार की मौत के बाद से बरेली के परिवहन विभाग में भारी आक्रोश है। साथी कर्मचारी की मौत की खबर मिलते ही बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे पर सैकड़ों कर्मचारी लामबंद हो गए और काम-काज ठप कर दिया।मिली जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस ड्राइवर प्रमोद कुमार की शाहजहांपुर में एक दुखद हादसे में मौत हो गई। कर्मचारियों का आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने मामले की जानकारी लेने और मदद के लिए जिम्मेदारों को फोन किया, तो किसी ने भी फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। प्रबंधन की इस उदासीनता और संवेदनहीनता से नाराज होकर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।इस हड़ताल का असर बरेली डिपो पर साफ देखा जा सकता है। हड़ताल के चलते करीब 1,000 कर्मचारी काम से दूर रहे, जिसकी वजह से 500 से अधिक बसें अपने गंतव्य के लिए रवाना नहीं हो सकीं और सेटेलाइट बस अड्डे पर ही खड़ी रहीं।बसों के संचालन पूरी तरह ठप होने से दूर-दराज जाने वाले हजारों यात्री बस अड्डों पर परेशान होते नजर आए।प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि जब तक प्रबंधन इस मामले में जवाबदेही तय नहीं करता और पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे व कार्रवाई का आश्वासन नहीं देता, तब तक चक्का जाम जारी रहेगा। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
रिपोर्ट:शुऐब खान ब्योरो चीफ बरेली मण्डल