सहारनपुर
सहारनपुर बॉलीवुड की चर्चित फिल्मों दबंग, बोल बच्चन सहित अनेक फिल्मों में अपनी आवाज़ का जादू बिखेर चुके प्रसिद्ध पार्श्व गायक शादाब साबरी ने कहा कि बुलंदियों तक पहुंचना आसान हो सकता है, लेकिन उन बुलंदियों पर लंबे समय तक कायम रहना ही सबसे बड़ी सफलता होती है।वरिष्ठ पत्रकार एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता व डीपीसी चेयरमैन जावेद साबरी के आमंत्रण पर सहारनपुर पहुंचे शादाब साबरी का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहारनपुर उनकी सांसों में बसता है और जब भी वह अपने शहर आते हैं तो उन्हें अपार अपनापन महसूस होता है। उन्होंने कहा कि अपने घर और अपने लोगों के बीच आने का सुख अलग ही होता है। शादाब साबरी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता इकबाल साबरी एवं चाचा अफजाल साबरी को देते हुए कहा कि उन्हीं के मार्गदर्शन और सानिध्य में उन्होंने संगीत की बारीकियां सीखीं। उनके आशीर्वाद और प्रेरणा की बदौलत ही वह आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं तथा श्रोताओं का भरपूर प्यार प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे वर्षों की कठिन मेहनत और संघर्ष रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पिता के मित्र राव महबूब तथा जावेद साबरी भी हमेशा उनके मार्गदर्शक और शुभचिंतक रहे हैं। युवाओं को संदेश देते हुए शादाब साबरी ने कहा कि आज के दौर में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक मंच उपलब्ध हैं, लेकिन सफलता प्राप्त करने के लिए स्वयं को साबित करना आवश्यक है।मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जावेद साबरी, राव महबूब, ईशान साबरी एवं रवि सैनी ने शादाब साबरी को पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रजनीश सैनी, गुलशन गाबा, मोहम्मद खालिद, जिक्रिया खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आशीष सैनी रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़