राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में बिना वैधानिक अनुमति संचालित हो रहे मैरिज गार्डनों पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दो विवाह स्थलों को सील कर उनके संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विवाह स्थलों के संचालन संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को राम मनोहर लोहिया वार्ड के केलवारा रोड स्थित सत्यजोत लॉन और आचार्य विनोबा भावे वार्ड स्थित विरासत मैरिज गार्डन को सील कर दिया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि सत्यजोत लॉन के संचालक ने “मध्यप्रदेश नगर पालिका विवाह स्थल पंजीयन एवं आदर्श उपविधि 2020” के तहत आवश्यक अनुज्ञप्ति का नवीनीकरण नहीं कराया था। वहीं विरासत मैरिज गार्डन बिना आवश्यक अनुज्ञप्ति के ही संचालित किया जा रहा था। नियमों की अनदेखी और वैधानिक अनुमति के अभाव में निगम प्रशासन ने दोनों परिसरों पर सीलिंग की कार्रवाई की।
अंशुमान सिंह, नोडल अधिकारी कॉलोनी सेल:
“संबंधित संचालकों को पूर्व में नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और वैधानिक अनुमति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते कार्रवाई की गई है।”
नोडल अधिकारी ने बताया कि शहर में संचालित अन्य विवाह स्थलों की भी जांच की जा रही है। जो संस्थान निर्धारित मानकों और उपविधियों का पालन नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित नगर निगम का अमला मौजूद रहा। निगम प्रशासन का कहना है कि नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।