श्रीगंगानगर सूरतगढ़।
नई धानमंडी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रमिक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक सड़क पर गिरे दाने उठाने का काम कर रहा था, तभी एक ट्रक की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सड़क किनारे गिरे धान के दाने एकत्र कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आए ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच करते हुए ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
घटना के बाद धानमंडी में शोक का माहौल बन गया। श्रमिकों ने मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।