दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
तहसील क्षेत्र अंतर्गत के पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर जंगल में आज शनिवार दोपहर एक डीजल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में सैकड़ों हजारों लीटर डीजल होने की बात सामने आई है, जो पलटने के बाद जंगल के अंदर बहने लगा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण बाल्टी, डिब्बा और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और बहते हुए डीजल को इकट्ठा करने की कोशिश करने लगे, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों को घटनास्थल से हटाया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। फायर ब्रिगेड ने डीजल रिसाव और आग लगने की आशंका को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए। स्थानीय प्रशासन ने आसपास के इलाके को भी खाली कराने की कार्रवाई की और आग लगने की स्थिति से निपटने के लिये निगरानी बढ़ा दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर मुगलसराय डिपो से मध्य प्रदेश जा रहा था। चालक ने वाहन को सड़क किनारे रोकने का प्रयास किया, उसी दौरान नियंत्रण खोने से टैंकर पलटा। पलटने के कारण सड़क पर खड़े टैंकर के चलते पीछे से आ रही एक कार और एक ट्रक भी टकरा गईं।
हादसे में वाराणसी निवासी सौरभ घायल हो गया, जिसे घायलावस्था में हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सौरभ की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और आवश्यक प्राथमिक उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है तथा टैंकर ड्राइवर और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।