मथुरा
मथुरा की रोशन विहार और गायत्री विहार कॉलोनी के हालात बद से ज्यादा हाल बेहाल हैं। यहाँ की मुख्य सड़कें पिछले लंबे समय से जर्जर पड़ी हुई हैं, जिससे परेशान स्थानीय लोग अब सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है, कि करीब 200 मीटर लंबा यह मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। सड़क पर डामर का नामो निशान नहीं बचा है और जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। जरा सी बारिश होते ही यहाँ जलभराव हो जाता है, जिससे यह रास्ता किसी तालाब जैसा नजर आने लगता है।
यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह सीधे लोहवन जाने वाले रास्ते से जुड़ा हुआ है। इस वजह से यहाँ दिनभर गाड़ियों और राहगीरों का भारी आना-जाना लगा रहता है।
बड़ी बात यह है कि इस इलाके में सेना, पुलिस विभाग और सरकारी विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के परिवार बड़ी संख्या में रहते हैं। ड्यूटी पर जाने वाले इन लोगों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों को हर रोज अपनी जान जोखिम में डालकर इस टूटे रास्ते से गुजरना पड़ता है। आए दिन यहाँ बाइक सवार और बुजुर्ग गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
इस समस्या से परेशान हो चुके कॉलोनीवासियों ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र सौंपे हैं। लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ कोरा आश्वासन ही मिला है, धरातल पर कोई काम नहीं हुआ।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इतना टैक्स देने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर इस 200 मीटर की सड़क का निर्माण जल्द से जल्द शुरू नहीं कराया गया, तो वे उग्र आंदोलन और सड़क पर प्रदर्शन करेंगे।
मुकेश अग्रवाल की रिपोर्ट जिला मथुरा