कानपुर।
गोविंद नगर थाना क्षेत्र के दबौली वार्ड-72 में पार्षद पति गुंजन लाला शर्मा पर हुए कथित हमले का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। वायरल वीडियो में पार्षद पति गुंजन लाला शर्मा भी हाथापाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद पूरे मामले को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
उक्त घटना में बताया जा रहा है कि सरकारी समर्सिबल पंप को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया था। पहले सामने आए वीडियो में पार्षद पति के साथ मारपीट के दृश्य दिखाई दिए थे, जबकि अब वायरल हुए दूसरे वीडियो में घटनाक्रम का दूसरा पक्ष भी सामने आने का दावा किया जा रहा है।
दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले में सियासी और स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और वीडियो फुटेज के आधार पर दोषियों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वायरल वीडियो की सत्यता और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं क्षेत्र की जनता निष्पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़ी हुई है, जिससे मामले पर सबकी निगाहें टिकी हैं।*