सहारनपुर
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार को आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2026 जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 3,142 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,072 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2,070 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। आयोग द्वारा जारी उपस्थिति विवरण के अनुसार परीक्षा में कुल 34.13 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 65.87 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर उपस्थिति का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। कई केंद्रों पर आधे से भी कम अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, लिंक रोड, सहारनपुर में 204 में से 124 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि बजोरिया इंटर कॉलेज में 480 में से 157 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसी प्रकार इस्लामिया इंटर कॉलेज में 168, गुरु नानक इंटर कॉलेज में 143 तथा जे.वी. जैन महाविद्यालय (ब्लॉक-बी) में 158 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़