दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कोतवाली क्षेत्र के झारोकला गांव की 27 वर्षीय कलावती देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ सेवन से रविवार सुबह मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई और परिवार में मातम छा गया है। मृतका तीन नाबालिग बच्चों की मां थीं।
घटना के बाबत जानकारी में मृतिका के पति इंद्रदेव ने बताया कि रविवार सुबह कलावती की तबीयत अचानक बिगड़ गई जिसे निजी वाहन से सीएससी दुद्धी ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।जहां चिकित्सक शाह आलम ने उसे इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। इंद्रदेव के अनुसार उनकी बड़ी बेटी 6 वर्ष की है और अन्य दो जुड़वां बच्चे है जिसमें एक पुत्र व एक पुत्री हैं,सभी तीन बच्चे है ।पति की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव की प्रारंभिक जांच व पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसआई हरिकेश राम आजाद ने बताया कि प्रथम दृष्टि में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, पर मौत के कारणों की पुष्टिकरण के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल तथा ग्रामीणों से पूछताछ जारी है।अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कलावती ने किस परिस्थिति या कारण से विषाक्त पदार्थ सेवन किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के परिणामों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।