शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा रविवार को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाया गया।
सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज ब्लॉक मुख्यालय स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में रविवार से प्रारंभ हुए इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। स्टॉल के माध्यम से उपस्थित लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में विद्यालयों में संचालित ऑपरेशन कायाकल्प, डिजिटल एवं आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का उच्चीकरण (कक्षा 9 से 12 तक), निपुण भारत मिशन, तथा समग्र शिक्षा अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं के यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर एवं अन्य सुविधाओं की धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की भी जानकारी दी गई।
स्टॉल पर शिक्षा मित्रों एवं अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि तथा शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना से आच्छादित किए जाने संबंधी जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम की निगरानी खंड शिक्षा अधिकारी डुमरियागंज संतोष कुमार शुक्ल द्वारा की जा रही है। इस अवसर पर ब्लॉक एमआईएस प्रेम प्रकाश चौबे ने बताया कि तीन दिवसीय प्रदर्शनी के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है तथा बेहतर शिक्षा व्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इस दौरान अमृत लाल, प्रदीप कुमार, इरशाद अहमद, उस्मान, शकील अहमद, फजलुर्रहमान, अकमल, तौकीर हसन रिजवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।