शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जनपद सिद्धार्थनगर के मोहाना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तीन किशोरियों के एक साथ लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में जहां चिंता और बेचैनी का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भी दहशत व्याप्त है। सूचना मिलते ही मोहाना पुलिस सक्रिय हो गई और थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन कर खोजबीन शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार थाना मोहाना क्षेत्र के शिवपति नगर टोला महगूचक निवासी राकेश रावत की पुत्रियां चांदनी रावत (14 वर्ष) और अंजलि रावत (17 वर्ष) तथा उनकी भांजी खुशी रावत (15 वर्ष), पुत्री दीपक प्रसाद निवासी डफालीपुर, रविवार सुबह लगभग चार बजे घर से शौच के लिए निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब तीनों किशोरियां वापस नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने आसपास के खेतों, बागों और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
कई घंटों की खोजबीन के बाद परिजनों ने घटना की सूचना मोहाना पुलिस को दी। एक साथ तीन किशोरियों के लापता होने की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल चार अलग-अलग टीमों का गठन किया। इन टीमों को विभिन्न क्षेत्रों में तलाश और सूचना संकलन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस आसपास के गांवों, बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार जांच-पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि किशोरियों की गतिविधियों से संबंधित कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके। पुलिस ने आसपास के जनपदों को भी आवश्यक सूचना भेजी है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी तलाश अभियान को तेज कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। किशोरियों की सकुशल बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गठित टीमें लगातार सक्रिय हैं और प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना का सत्यापन किया जा रहा है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी चिंता का माहौल है और स्थानीय लोग अपने स्तर पर किशोरियों की तलाश में जुटे हुए हैं। फिलहाल तीनों किशोरियों का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और परिजन उनकी सुरक्षित बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।