शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज एवं भनवापुर ब्लॉक परिसर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काट कर किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनी का अवलोकन अतिथियों तथा आमजन ने किया।
डुमरियागंज में आयोजित मेले में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. ने पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। सांसद जगदंबिका पाल ने भी सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नरेंद्र मणि त्रिपाठी एवं लवकुश ओझा ने बताया कि 14 से 16 जून तक चलने वाले इस जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र लोगों को लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा एवं धर्मराज वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। मेले में स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर चिकित्सकों द्वारा लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा, खंड विकास अधिकारी विजय सिंह, डॉ. विनोद मणि त्रिपाठी, डॉ. शैलेन्द्र मणि ओझा, डॉ. विकास चौधरी, विवेक कुशवाहा, प्रभाकर सोनी, गणेश विश्वकर्मा, अमरेन्द्र त्रिपाठी, लालजी शुक्ला, दिलीप पाण्डेय, भीम चौधरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।