✍️राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
नशे में बाइक दौड़ाना पड़ा भारी: पुलिस ने दबोचा, वाहन जब्त कर भेजा मामला न्यायालय,
कटनी। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में निवार चौकी पुलिस ने शराब के नशे में खतरनाक तरीके से बाइक चला रहे एक युवक को पकड़कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान 18 जून 2026 को ग्राम निवार में पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZK 1684 का चालक संदिग्ध अवस्था में वाहन चलाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक की जांच की।
पूछताछ में चालक की पहचान बेनी प्रसाद भूमिया (26 वर्ष) निवासी संसारपुर, थाना स्लीमनाबाद के रूप में हुई। पुलिस द्वारा अल्कोहल एनालाइजर मशीन से परीक्षण किए जाने पर उसके द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया तथा आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया। मामले का इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, मनीष कुमार एवं आरक्षक वकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।