किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
जशपुर।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव सब्जी बाजार में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से आधा दर्जन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय बाजार की सभी दुकानें बंद थीं, इसलिए घटना का पता देर से चल पाया। जब तक स्थानीय लोगों ने आग देखी और इसकी सूचना दमकल एवं प्रशासन को दी, तब तक लपटें कई दुकानों को अपनी चपेट में ले चुकी थीं।
सूचना मिलने पर दमकल कर्मी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कई दुकानों में रखा सब्जी का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना रात में होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।