रोहित पाण्डेय मध्य प्रदेश स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
डबरा सिटी थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर (SI) राजकुमार बौद्ध एक बार फिर बड़े विवादों के घेरे में आ गए हैं। इस बार उनका एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक फरियादी को थाने बुलाने के नाम पर मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए सुनाई दे रहे हैं।
यह कोई पहला मामला नहीं है जब सब इंस्पेक्टर राजकुमार विवादों में आए हों। इससे पहले भी देहात बीट में तैनाती के दौरान जुए और सट्टे के कारोबार को शह देने में उनका नाम सामने आ चुका है।
सूत्रों के मुताबिक, इन दिनों हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) के एक गंभीर मामले में भी बड़ी साठ-गांठ और लेन-देन का खेल चल रहा है। इतना ही नहीं, इलाके के शराब ठेकेदार के साथ उनकी मिलीभगत के भी गंभीर आरोप लगे हैं। कुछ समय पहले एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वे शराब ठेकेदार के साथ मिलकर एक निर्दोष व्यक्ति के घर पहुंचे थे।
इतने सारे गंभीर आरोपों और लगातार होते विवादों के बावजूद, वरिष्ठ अधिकारियों की मेहरबानी के चलते अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं होना कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
अब देखना यह होगा कि इस नए ऑडियो के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे के आला अधिकारी क्या कदम उठाते हैं।