मुज़फ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय के बाहर प्रधान सहायक कर्मचारी अशोक मालिक का धरना सोमवार को 53वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी का आरोप है कि उन्हें पिछले 13 माह से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते आर्थिक और पारिवारिक परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
धरने पर बैठे कर्मचारी ने कहा कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों से वेतन भुगतान की मांग की, लेकिन अब तक उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।
धरनास्थल पर कर्मचारी ने प्रशासन और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर बकाया वेतन का भुगतान कराने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
वहीं, 53 दिन बीत जाने के बावजूद मामले का समाधान न होने से कर्मचारी वर्ग में भी नाराजगी देखी जा रही है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अगले कदम पर टिकी हैं।