डिंडोरी म.प्र………
SP से शिकायत:सरपंच सहित तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप, पहले सड़क हादसे में मौत होने की दी थी जानकारी

मेहद्ववानी थाना क्षेत्र के दादर घुघरी गांव से लोग जनपद सदस्य श्याम कुमारी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने छोटे लाल तेकाम की हत्या करने का आरोप लगाया। इसको लेकर एसपी से की शिकायत की है। उन्होंने सरपंच सहित तीन व्यक्तियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की है।

दादर घुघरी के सालिक राम तेकाम ने बताया कि 6 मई को उसका छोटा भाई छोटेलाल तेकाम गांव से फोटो कॉपी कराने के लिए दो किलोमीटर दूर राई गांव गया था। सुबह 11 बजे जानकारी मिली कि छोटेलाल सड़क किनारे राई गांव में घायल पड़ा हुआ है। उसके सिर व दाहिने कंधे के ऊपर घाव है।
खून बह रहा है। छोटेलाल का बेटा गुलाब और लच्छू घटना स्थल पहुंचे। प्राथमिक उपचार राई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में करवा कर डिंडौरी जिला अस्पताल ले गए।
रैफर करने का बोला तो घर ले गए
बेहोश अवस्था में डॉक्टरों ने उसे जबलपुर या नागपुर रैफर करने का बोल दिया। रुपए नहीं होने के कारण हम छोटेलाल को घर ले गए। 16 मई को छोटे लाल की मौत हो गई। इसकी सूचना हमारे मेहद्ववानी थाने में दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया, उस समय हमारे द्वारा सड़क दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी।
लोगों ने लाठी व पत्थरों से पीटा
छोटेलाल का तीसरा संस्कार कर रहे थे, तभी गांव का कमल सिंह ने बताया कि 6 मई को सुबह करीब साढ़े नौ बजे मैं जंगल में बैल ढूंढने गया था, जंगल में मैंने देखा कि छोटे लाल को कुकर्रा ग्राम पंचायत सरपंच फूलचंद तेकाम, लक्ष्मी पिता कवल सिंह, मनीराम पिता कवल सिंह, संजू पिता गन्नी निवासी ग्राम कुकर्रा लाठी और पत्थर से मार रहे थे। मुझे धमकी दी थी कि तुमने किसी को बताया तो तुम्हें भी मार देंगे। इसलिए मैं चुप था, सोचा था कि छोटे लाल ठीक हो जाएगा, तो खुद बताएगा। उसकी मौत के बाद मुझे लगा कि अब घटना के बारे में बताना चाहिए।
तब मैंने जाकर बताया कि ऐसे घटना हुई है।
इंडियन टीवी न्यूज़ संवाददाता मो0 सफर ज़िला डिंडोरी मध्य प्रदेश