स्टेट रिपोर्टर ( उत्तर प्रदेश ) – शुभम चौबे
बरेली। जनपद में लंबित विवेचनाओं की बढ़ती संख्या पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सख्त रुख अपनाया है। समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में 680 से अधिक विवेचनाएं निर्धारित समय सीमा से अधिक समय से लंबित हैं। इनमें 77 विवेचनाएं ऐसी हैं जो 90 दिन से भी अधिक समय से लंबित पाई गईं। इस पर एसएसपी ने 12 थाना प्रभारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं, जबकि लापरवाही बरतने वाले विवेचक दरोगा एवं निरीक्षक भी कार्रवाई के दायरे में आ गए हैं।एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) और अपर पुलिस अधीक्षकों (एएसपी) को निर्देश दिए हैं कि 30 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर लंबित विवेचनाओं की लगातार समीक्षा की जाए तथा 90 दिन से अधिक समय से लंबित सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना उचित कारण विवेचना लंबित रखने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।इस बीच अभियान को गति देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने 6 जुलाई को थाना कैंट और थाना सुभाषनगर में निरीक्षकों एवं उपनिरीक्षकों का अर्दली रूम (ओआर) आयोजित किया। बैठक में लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की गई और विवेचकों को निर्देश दिए गए कि सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, साक्ष्यों का समयबद्ध संकलन तथा विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।इज्जतनगर में सबसे अधिक लंबित विवेचनाएं आंकड़ों के अनुसार इज्जतनगर थाना सबसे अधिक लंबित विवेचनाओं वाला थाना है। यहां 90 दिन से अधिक समय से 13 विवेचनाएं और 60 दिन से अधिक समय से 68 विवेचनाएं लंबित हैं। सीबीगंज में 90 दिन से अधिक की 9 तथा 60 दिन से अधिक की 67 विवेचनाएं लंबित हैं। भमोरा में 9, कोतवाली में 8, बारादरी और फरीदपुर में 7-7, नवाबगंज में 6, कैंट और आंवला में 5-5, बिथरी चैनपुर में 4 तथा भोजीपुरा और बहेड़ी में 2-2 विवेचनाएं 90 दिन से अधिक समय से लंबित हैं।60 दिन से अधिक लंबित मामलों की स्थिति 60 दिन से अधिक लंबित विवेचनाओं में बारादरी थाना 106 मामलों के साथ सबसे ऊपर है। इसके बाद फरीदपुर में 84, भोजीपुरा में 71, इज्जतनगर और कोतवाली में 68-68, सीबीगंज में 67, कैंट में 57, नवाबगंज में 55, बिथरी चैनपुर में 42, बहेड़ी में 34 तथा भमोरा और आंवला में 14-14 विवेचनाएं लंबित हैं।एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। समीक्षा अभियान के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।