फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। क्षेत्र की चिटौली गांव स्थित नगर पंचायत की कान्हा गौशाला की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को प्रशासन हरकत में आ गया। गौशाला की अव्यवस्थाओं को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद एसडीएम निधि शुक्ला के निर्देशन पर नोडल अधिकारी एवं नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में गौशाला परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। वहीं पशु आहार के स्टॉक में भी कमी पाई गई। मौके पर चार घायल गोवंश मिले, जिनके तत्काल उपचार के लिए पशु चिकित्सा विभाग को निर्देशित किया गया। नायब तहसीलदार ने नगर पंचायत और संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमित सफाई, पर्याप्त चारा एवं पशु आहार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि निरीक्षण में मिली सभी कमियों की जांच कर पूरी कराई जाएंगी । उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में यदि ऐसी स्थिति दुबारा मिली तो लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी, सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, लेखपाल आदित्य गंगवार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. देश दीपक सिंह सहित नगर पंचायत एवं संबंधित विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि बुधवार को कान्हा गौशाला की बदहाली, घायल गोवंशों और गंदगी को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए निरीक्षण कराया, जिसके बाद गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
प्रवन पाण्डेय
इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली