देश का तेजी से बढ़ता न्यूज नेटवर्क
लुधियाना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हल्का पूर्वी के वरिष्ठ नेता हिमांशु जग्गी ने लुधियाना में लगातार बढ़ रही बेरोजगारी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। यहाँ जारी एक प्रेस बयान में जग्गी ने कहा कि पंजाब की वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर देने के अपने बड़े-बड़े वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले लुधियाना का युवा आज काम के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
जग्गी ने कहा, “हल्का पूर्वी समेत पूरे लुधियाना में स्थानीय उद्योगों की अनदेखी के कारण नए रोजगार पैदा होना तो दूर, मौजूदा नौकरियां भी संकट में हैं। सरकार की लचर नीतियों की वजह से उद्योग यहाँ से पलायन कर रहे हैं, जिसका सीधा असर हमारे युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है।” उन्होंने मांग की कि सरकार केवल कागजी दावों से बाहर निकलकर जमीनी स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के पुख्ता इंतजाम करे, अन्यथा भाजपा युवाओं के हक के लिए संघर्ष को और तेज करेगी।
