बस्ती साइबर थाना पुलिस ने निवेश और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर निवेश कराते थे। शुरुआत में मामूली लाभ दिखाकर लोगों का विश्वास जीता जाता था, फिर बड़ी रकम निवेश कराने के बाद संपर्क तोड़ दिया जाता था।
तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, पांच चेकबुक, चार एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, जीएसटी संबंधी दस्तावेज तथा नगद धनराशि बरामद की गई है। पुलिस गिरोह के बैंक खातों और नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से निवेश संबंधी किसी भी आकर्षक ऑनलाइन ऑफर के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।
इंद्रजीत त्रिपाठी
ब्यूरो चीफ, आईटीएन नेशनल न्यूज, बस्ती