फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कस्बा फतेहगंज के मोहल्ला अंसारी वार्ड नंबर-5 स्थित हुसैनी मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में तोड़फोड़ के मामले में थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उसका शांति भंग की धारा में चालान किया है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला अंसारी निवासी शरीफ अहमद ने तीन दिन पूर्व थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 7 जुलाई की आधी रात के बाद मोहल्ले की हुसैनी मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे को मोईन अंसारी उर्फ गुड्डू ने डंडे से क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में कैद हो गई थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी क्षेत्र में आए दिन अभद्र व्यवहार करता है तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता है। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को भी दी गई थी, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया था। शिकायत की जांच के बाद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को पुलिस ने आरोपी मोईन अंसारी उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया।
क्षेत्राधिकारी (हाइवे) देवेश सिंह ने बताया कि धार्मिक स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त करने के मामले में आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रवन पाण्डेय
इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली