चौरई में विवाहिता की संदिग्ध मौत, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
छिंदवाड़ा। जिले के चौरई थाना क्षेत्र के ग्राम चन्हियाखुर्द में 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मामले की जांच के दौरान मृतका के हाथों और पैरों पर मेहंदी से लिखे गए संदेश मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए सुरक्षित कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इन संदेशों की भी अन्य साक्ष्यों के साथ गहन जांच की जा रही है।
चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले ने बताया कि मृतका की पहचान प्रीति वर्मा (32) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। घटना के बाद परिजन उसे पहले जिला अस्पताल और बाद में एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के हाथों और पैरों पर मेहंदी से लिखे संदेशों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराकर उन्हें केस डायरी में साक्ष्य के रूप में शामिल किया है। अधिकारियों के अनुसार इन संदेशों का परीक्षण अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के साथ किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि परिवार से जुड़े कुछ पुराने घटनाक्रम भी जांच के दायरे में हैं, हालांकि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पंकज दुबे जिला ब्यूरो छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश