किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विवाहित महिला पर अपने साथियों के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान दिलीप कड़ियम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दिलीप और आरोपी महिला नगर पालिका में कार्यरत थे तथा पिछले करीब एक वर्ष से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। बाद में दिलीप को पता चला कि महिला पहले से विवाहित है। इसके बावजूद वह संबंध जारी रखना चाहता था।
बताया जा रहा है कि महिला ने दिलीप को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया, जहां पहले से मौजूद साथियों के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला किया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे कुएं में फेंक दिया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मिरतुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।