किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
महासमुंद पुलिस ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई बड़ी चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 107.009 ग्राम सोना, 747.730 ग्राम चांदी सहित कुल 21,39,640 रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्रवाई थाना महासमुंद, सिंघोड़ा और तुमगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने की। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही अन्य चोरी की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चोरी का खुलासा 18 मई 2026 को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने महासमुंद के अलावा बालोद, कोरबा सहित अन्य जिलों में भी चोरी करना स्वीकार किया। इस मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों से चांदी के आभूषण, पांच मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पारधी गिरोह के सात शातिर चोर गिरफ्तार 22 जून को हुई नकबजनी की घटना में सिंघोड़ा पुलिस ने सक्रिय पारधी गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि गिरोह ने महासमुंद के अलावा आरंग और सक्ती जिले के जैजैपुर क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और तीन मोटरसाइकिल सहित करीब 12.46 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। चोरी का माल खरीदने के आरोप में रायपुर निवासी एक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है।
ग्राइंडर से ताला काटकर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार थाना तुमगांव पुलिस ने ग्राम अछोली में 8-9 मार्च को सूने मकान में हुई हाईटेक चोरी का खुलासा करते हुए राहुल उर्फ भोजदास साहू को गिरफ्तार किया। आरोपी ने हार्डवेयर दुकान से ग्राइंडर खरीदकर मकान का ताला काटा और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। चोरी का सामान रायपुर और महासमुंद के ज्वेलर्स को बेचा गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 53.34 ग्राम सोना, 468.230 ग्राम चांदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ग्राइंडर सहित कुल 7.26 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और इस गिरोह के अन्य जिलों में हुई चोरी की वारदातों से संबंधों की भी जांच की जा रही है।