किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
धमतरी। जिले की नई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने पदभार संभालने के बाद अपनी पहली समीक्षा बैठक में स्पष्ट कर दिया कि धमतरी पुलिस अब जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करेगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अनुशासित, पारदर्शी और जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने नशा, जुआ, सट्टा, अवैध शराब, चाकूबाजी और अन्य सभी अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने, साफ-सुथरी वर्दी पहनने और बेहतर टर्नआउट बनाए रखने के लिए कहा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत करने तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एसपी भावना पांडेय ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ऐसी पुलिसिंग होगी जिससे अपराधियों में पुलिस का भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम हो।
उन्होंने सदर बाजार सहित प्रमुख बाजारों में नियमित पैदल गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर पुलिस की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने, होटल-ढाबों की नियमित जांच, रात्रि गश्त तथा बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, जुआ-सट्टा और अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई करने तथा ऑनलाइन माध्यम से चाकू मंगाने वालों पर भी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने थानों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार, एफआईआर का तत्काल पंजीयन, सीसीटीएनएस की नियमित अपडेटिंग और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष जोर दिया।
नई एसपी की पहली बैठक से स्पष्ट संकेत मिले हैं कि धमतरी पुलिस अब अनुशासन, प्रभावी कानून-व्यवस्था, जनता का विश्वास और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।