फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। टिटौली गांव में भूमि विवाद के निस्तारण में देरी से नाराज जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार और किसान कांताप्रसाद गंगवार ने शनिवार को पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास कर दिया। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने तत्काल पेट्रोल की बोतल छीनकर दोनों को बचा लिया।
जानकारी के अनुसार किसान कांताप्रसाद गंगवार का आरोप है कि गाटा संख्या 232 की उनकी करीब 1 बीघा 4 बिस्वा भूमि पर पड़ोसी खेत स्वामी अख्तर हुसैन ने कब्जा कर लिया है। पीड़ित कई वर्षों से तहसील और जिला प्रशासन से शिकायत कर रहा था, लेकिन समाधान नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार से मदद मांगी, जो पिछले एक वर्ष से मामले की पैरवी कर रही हैं। शनिवार को एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार आशीष कुमार के नेतृत्व में नायब तहसीलदार अरविंद कुमार, कानूनगो ब्रजकिशोर कटियार, लेखपालों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाईश शुरू कराई। आरोप है कि करीब एक घंटे की कार्रवाई के बाद जब टीम बिना किसी स्पष्ट निस्तारण के लौटने लगी तो नाराज ममता गंगवार और कांताप्रसाद ने आत्मदाह का प्रयास कर दिया।
मामला गंभीर होते देख राजस्व अधिकारियों ने दोबारा कार्रवाई शुरू की। कानूनगो ब्रजकिशोर कटियार तथा लेखपाल नवरत्न गंगवार और हरीश गंगवार ने करीब तीन घंटे तक पैमाईश कर खेत का सीमांकन कर निशान लगा दिए। हालांकि खेत में खड़े पॉपलर के पेड़ों के कारण मौके पर कब्जा नहीं दिलाया जा सका।
बाद में ममता गंगवार धरने पर बैठ गईं। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने उन्हें समझाया तथा जूस पिलाकर धरना समाप्त कराया। घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जुटी रही।
तहसीलदार आशीष कुमार ने बताया कि राजस्व टीम द्वारा भूमि की पैमाईश कर खेत को चिन्हित कर दिया गया है। पॉपलर की फसल कटने के बाद कब्जा भी दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से दोनों पक्ष संतुष्ट हैं और मामला शांत हो गया है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली