दिल्ली स्थित उत्तर प्रदेश सदन में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा 1897 की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और देशभर में संगठन को मजबूत करने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए और हरियाणा की स्नेहा राणा को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की प्रदेश इकाई की महिला प्रदेशाध्यक्ष बनने पर सम्मानित किया गया और सर्व समाज ने उन्हें बधाई दी।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा 1897 की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ठाकुर दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. हरेंद्र पाल सिंह राणा ने किया।
बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय संरक्षक एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री ठाकुर जी.एस. चरक के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि ठाकुर जी.एस. चरक का समाज के प्रति योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनके कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
इसके बाद संगठन की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक राज्य के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे, जो प्रदेशों का दौरा कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करेंगे। साथ ही जिला एवं प्रदेश इकाइयों में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, बिहार, पश्चिम उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रदेश अध्यक्षों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया और संगठन को सशक्त बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन की विचारधारा को देश के प्रत्येक राज्य और जिले तक पहुंचाने तथा समाज के हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
यमुनानगर से ब्यूरो चीफ संदीप गाँधी की विशेष रिपोर्ट