राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
निर्धारित समय से पहले शुरू हुई कार्रवाई, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बिना अनुमति बने निर्माणों को हटाया गया
कटनी। शहर के गुरुनानक वार्ड क्रमांक 22 स्थित गजानन कॉम्प्लेक्स/टॉकीज के पास नसरवन बाड़ा क्षेत्र में बुधवार को नगर निगम ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। निर्धारित समय से पहले शुरू की गई इस कार्रवाई में बिना अनुमति बनाए गए पक्के निर्माणों और दुकानों को हटाया गया।
नगर निगम आयुक्त के निर्देशन में पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग की गई। मौके पर अतिक्रमण प्रभारी मनेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय उपयंत्री रवि हनोते, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सहित नगर निगम का अमला और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी मशीनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और श्रमिकों की सहायता से अवैध निर्माणों को हटाने का कार्य किया गया।
नगर निगम के अनुसार संबंधित भूमि पर वर्ष 2012 से बिना स्वीकृत नक्शे और आवश्यक अनुमति के पक्के निर्माण एवं दुकानें बनाए जाने की शिकायतें थीं। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति किए गए निर्माणों और अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।