उरई(जालौन):
किसानों से संवाद कर जानी खाद वितरण की हकीकत: बहुद्देश्यीय सहकारी समिति कुकुरगांव एवं पहाड़पुरा में उर्वरक स्टॉक और वितरण व्यवस्था का लिया जायजा, पर्याप्त खाद उपलब्ध रखने के दिए निर्देश। जनपद में किसानों को समय पर एवं सुगमता से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बहुद्देश्यीय सहकारी समिति कुकुरगांव एवं पहाड़पुरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उर्वरक भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने समिति परिसर में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर खाद वितरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से पूछा कि खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई तो नहीं हो रही है। इस पर किसानों ने बताया कि उन्हें जोत के अनुसार बिना किसी परेशानी के खाद उपलब्ध कराई जा रही है तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है। एक किसान ने बताया कि वह स्वयं ई-रिक्शा से खाद लेकर जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट है कि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण रजिस्टर का अवलोकन किया। अभिलेखों में उपलब्ध स्टॉक का मौके पर भौतिक सत्यापन कराया, जो सही पाया गया। समिति में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध मिला तथा किसानों को निर्धारित मानकों के अनुसार खाद वितरित की जा रही थी। जिलाधिकारी ने संबंधित।अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी स्थिति में उर्वरकों की कमी का सामना न करना पड़े। सभी समितियों पर पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए तथा खाद वितरण पूरी पारदर्शिता, निर्धारित मानकों एवं शासन के निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार आदि सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख)