किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। इस हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हमला एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों पर किया गया।
मृतकों की पहचान दीपक रात्रे (24 वर्ष), पिता उमाशंकर रात्रे और भूपेंद्र (28 वर्ष), पिता दशरथ के रूप में हुई है। दोनों छत्तीसगढ़ के निवासी थे और रोज़गार के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर गए हुए थे।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि यह कायरतापूर्ण आतंकी वारदात है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस महानिदेशक और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की गई है तथा आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज़ करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द कानून के कठघरे में लाया जाएगा।
फिलहाल सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं और हमलावरों की तलाश जारी है। घटना के बाद पूरे देश में शोक और आक्रोश का माहौल है।