14 अगस्त को प्रदर्शनी, कैंडल मार्च, दो मिनट का मौन,व्याख्यान, फिल्म प्रदर्शन एवं क्विज प्रतियोगिता सहित विविध कार्यक्रम होंगे आयोजित:
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस-2026” के आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में आगामी 14 अगस्त 2026 को जनपद जालौन में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस गरिमामय एवं प्रभावी ढंग से मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को वर्ष 1947 के भारत विभाजन की त्रासदी से परिचित कराना तथा विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों के साहस, संघर्ष एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करना है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन की मंशानुसार कार्यक्रमों का व्यापक एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा विभाजन विभीषिका पर तैयार की गई सामग्री पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही विभाजन के समय विस्थापित होकर भारत आए परिवारों को आमंत्रित कर उनकी स्मृतियों, दस्तावेजों एवं अन्य सामग्री का प्रदर्शन कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा जाए। साथ ही सिंधी समुदाय के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन कराया जाए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के उद्बोधन आयोजित किए जाएं तथा मुख्य आयोजन से पूर्व विभाजन पीड़ितों की स्मृति में कैंडल मार्च भी निकाला जाए।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में विभाजन विभीषिका विषय पर व्याख्यान, परिचर्चा एवं जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। छात्र-छात्राओं को MyGov पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही भारत-पाकिस्तान विभाजन पर आधारित फिल्मों एवं डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन तथा भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कार्यक्रमों में सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया, सिंधी सभा, सिंधी अकादमी, सनातनी पंजाबी महासभा, बंगाली समुदाय सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों का सहयोग लिया जाए। विभाजन विभीषिका पर आधारित नाटकों का मंचन कराया जाए तथा अमृतकाल पोर्टल पर उपलब्ध स्क्रिप्ट एवं फिल्मों का उपयोग किया जाए। अभिलेख प्रदर्शनी हेतु उत्तर प्रदेश राजकीय अभि लेखागार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री का भी समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था के प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख,
ITN news)