दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आज रविवार को कस्बा डीसीएफ कॉलोनी स्थित गोंडवाना भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन से पहले आदिवासी समाज के कार्यकर्ताओं का बड़ा जुलूस निकाला गया, जिसमें भावी प्रत्याशी नीरेंद्र प्रताप सिंह गौड़ प्रमुख रूप से शामिल रहे। जुलूस नगर भ्रमण करते हुए दुद्धी तहसील पहुंचे और तहसीदार अंजनी गुप्ता को महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित एक व्यापक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सोनभद्र के आदिवासी समुदाय की संवैधानिक एवं सामाजिक मांगों को प्रमुखता से रखा गया। ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि सोनभद्र जिले को अविलंब संविधान की 5वीं अनुसूची के अंतर्गत घोषित किया जाए तथा विशेष जनजातीय और जनजातीय सलाहकार परिषद (टी.ए.सी.) का पूर्ण रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अनुसूचित जनजाति घटक (एस.टी.सी) की राशि का शत प्रतिशत उपयोग और पिछले वर्ष के बजटीय उपयोग की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में वनाधिकार अधिनियम (एफआरए 2006) के तहत लंबित व्यक्तिगत और सामूहिक दावों का शीघ्र निपटान, भूमि-विवादों के त्वरित निपटान हेतु विशेष न्यायिक व्यवस्था (एसएआर कोर्ट जैसे प्रावधान) की माँग भी शामिल थी। शिक्षा के क्षेत्र में स्थानीय जनजातीय भाषा में शिक्षा देने, जिले में अधिक माध्यमिक विद्यालय तथा एक केंद्रीय/राज्य स्तरीय आदिवासी विश्वविद्यालय खोलने की भी मांग रखी गई।
स्थानीय कृषि और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए प्रतिनिधिमंडल ने सोनभद्र में उपयुक्त कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना और जैविक व जलवायु अनुकूल फसलों के प्रोत्साहन का आग्रह किया। औद्योगिक विस्तार से होने वाले विस्थापन को रोकने, स्थानीय निवासियों को रोजगार में प्राथमिकता देने, सीएसआर बजट का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने और अवैध खनन तथा प्रदूषण के मामलों में एनजीटी स्तर पर समीक्षा करने की भी सिफारिश की गई।
ज्ञापन में सांस्कृतिक सुरक्षा पर ज़ोर देते हुए धर्म परिवर्तन के नाम पर प्रलोभन देने व महिलाओं के अधिकारों का दुरुपयोग नहीं होने देने की कार्रवाई की माँग रखी गई। साथ ही दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क, 24घंटे सप्ताह के सात दिन बिजली, पक्की सड़कें और सार्वजनिक परिवहन जैसी मौलिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने का अनुरोध भी शामिल था।
तहसीदार अंजनी गुप्ता ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में नीरेंद्र प्रताप सिंह गौड़, समाजवादी पार्टी जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव ,सपा विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव ,मानसिंह ,सुनील गोड़, फूलवती गोड़ (अध्यक्ष नगर पंचायत डाला) तथा कमलेश कुमार, रामनारायण बभनी, नंदू कुमार बभनी, अयोध्या, राजेंद्र सिंह, बीगन राम गोड़ बघाडू, रामअजौर सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग रहे ।