ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन
कसौली, सुंदरलाल संवाददाता। ऐतिहासिक पर्यटन स्थल कसौली में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से पूरा कसौली क्षेत्र पर्यटकों से गुलजार रहा। शनिवार और रविवार को सुबह से ही बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक कसौली पहुंचते रहे। पर्यटकों की आमद बढ़ने से कसौली के बाजारों, माल रोड, पर्यटन स्थलों, होटल और रेस्तरां में खूब चहल-पहल देखने को मिली। लंबे समय बाद पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक नजर आई।
वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ ही कसौली की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ गया। मुख्य मार्गों के अलावा कसौली बाजार और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्थानों पर वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे। संकरी सड़कें और सीमित पार्किंग व्यवस्था होने के कारण यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वीकेंड पर कसौली में पर्यटकों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना बढ़ जाती है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस जवान उपलब्ध नहीं हैं। पुलिस जवानों की भारी कमी के कारण कई स्थानों पर यातायात नियंत्रण करने में दिक्कत आती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वीकेंड के दौरान अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती करने की मांग की है।
पर्यटकों की भारी भीड़ से जहां स्थानीय दुकानदारों, होटल कारोबारियों और टैक्सी ऑपरेटरों को अच्छा कारोबार मिल रहा है, वहीं जाम के कारण पर्यटकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई पर्यटक अपने वाहनों को पार्क करने के लिए स्थान तलाशते नजर आए।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वीकेंड के दौरान विशेष यातायात योजना तैयार की जाए। कसौली के प्रवेश मार्गों और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए जाएं तथा पार्किंग व्यवस्था को भी बेहतर किया जाए। लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यातायात व्यवस्था को मजबूत करना बेहद जरूरी है। इससे कसौली आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों को भी जाम की समस्या से राहत मिल सकेगी।