उत्तर प्रदेश के हरदोई से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आ रही है। लखनऊ विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार को सदर तहसील में छापेमारी कर एक रिश्वतखोर कानूनगो को 20 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरी तहसील परिसर और राजस्व महकमें में हड़कंप मच गया।
हरदोई की सदर तहसील के अहिरोरी सर्किल में तैनात राजस्व निरीक्षक यानी कानूनगो कमल किशोर को जमीन का नक्शा दुरुस्त करने के नाम पर घूस मांगना भारी पड़ गया।
पीड़ित से काम कराने के एवज में 20,000 रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने पर लखनऊ विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए तहसील परिसर में जाल बिछाया।जैसे ही पीड़ित ने कानूनगो कमल किशोर को 20 हजार रुपये की रकम सौंपी, सादे कपड़ों में पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। विजिलेंस टीम आरोपी को शहर कोतवाली ले गई है, जहां विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
हरदोई / रिपोर्टर प्रवीण कुमार