फतेहगंज पश्चिमी। घरेलू कलह से नाराज होकर आत्महत्या करने की नीयत से रेलवे ट्रैक पर बैठी महिला की जान पुलिस और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से बच गई। पुलिस ने महिला को ट्रैक से सुरक्षित हटाकर समझाया-बुझाया और बाद में उसके पति के साथ घर भेज दिया।थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि थाना शाही क्षेत्र की रहने वाली शिवानी उर्फ ममता का सोमवार को पति से घरेलू विवाद हो गया था। इससे नाराज होकर वह दोपहर करीब एक बजे धनेटा फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गई।ट्रैक पर काम कर रहे रेलवे कर्मचारियों की नजर महिला पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल धनेटा फाटक पर तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले गई। पुलिस ने उसे समझाकर शांत किया और पूछताछ के बाद उसके पति को मौके पर बुलाया।पुलिस ने दोनों को आपसी विवाद को बातचीत से सुलझाने और जीवनभर साथ निभाने की सलाह दी। साथ ही भविष्य में इस तरह का कदम न उठाने की हिदायत दी। इसके बाद महिला अपने पति के साथ राजी-खुशी घर चली गई। पुलिस और रेलवे कर्मचारियों की समय पर सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली