फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे में छुट्टा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सड़क से लेकर बाजार तक घूम रहे आवारा पशु अब लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। रविवार को सब्जी मंडी में छुट्टा पशु ने पीछे से हमला कर 55 वर्षीय वृद्ध को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद कस्बेवासियों में रोष फैल गया और नगर पंचायत की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। कस्बे के नई बस्ती निवासी लईक अहमद रविवार शाम सब्जी खरीदने के लिए सब्जी मंडी गए थे। इसी दौरान पीछे से आए एक छुट्टा पशु ने अचानक उन पर हमला कर दिया। पशु ने उन्हें पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने किसी तरह पशु को हटाकर वृद्ध की जान बचाई। परिजनों ने घायल लईक अहमद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फतेहगंज पश्चिमी में छुट्टा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। सड़क, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर झुंड के झुंड पशु घूमते दिखाई देते हैं। इससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को हर समय हादसे का डर बना रहता है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि पशुपालकों द्वारा पशुओं को खुले में छोड़ दिया जाता है। नगर पंचायत की गौशाला में क्षमता से अधिक पशु पहले ही रखे जा चुके हैं। इसके बावजूद नगर पंचायत की टीम लगातार छुट्टा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई कर रही है। वृद्ध पर हुए हमले के बाद कस्बेवासियों ने मांग की है कि छुट्टा पशुओं को सड़कों और बाजारों से हटाने के साथ ही पशुओं को खुले में छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले समस्या पर अंकुश लगाया जा सके।