मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का जनपद में बड़ी संख्या में अन्नपूर्णा भवन संचालकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने देखा सजीव प्रसारण:
मुख्यमंत्री योगी ने आज लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं के हित में ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रय प्रणाली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि करते हुए प्रति कुंतल लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये करने की सौगात दी गई। मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का जनपद जालौन में भी बड़ी संख्या में अन्नपूर्णा भवन संचालकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सजीव प्रसारण देखा एवं सुना। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, सदर विधायक के प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्नपूर्णा भवन संचालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने उचित दर विक्रेताओं के हित में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों से लाभांश में वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। वहीं ई-पॉस आधारित डिजिटल प्रणाली से राशन वितरण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही और मजबूत होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी ने कहा कि उचित दर विक्रेता सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लाभांश में वृद्धि उनके हित में सरकार का सराहनीय कदम है। डिजिटल व्यवस्था से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और लाभार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए लाभांश में वृद्धि की गई है। ई-पॉस आधारित व्यवस्था से राशन वितरण प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं सुगम होगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप नई व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से एवं निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर अन्नपूर्णा भवन संचालकों एवं उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में की गई घोषणाओं का स्वागत किया।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख, ITN news)