आंवला। में बदायूं मार्ग पर सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्राम पनवाड़िया के पास डाक कांवड़ियों की दो मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच शिवभक्त घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, गौसपुर, बदायूं निवासी गोपी अपने एक साथी के साथ बाइक से आगे चल रहे थे। इसी दौरान कचूरदाड़ी, आंवला निवासी लोकेश अपने तीन अन्य साथियों के साथ पीछे से आ रही दूसरी बाइक पर सवार थे, जिसने आगे चल रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी कांवड़िए को गंभीर चोट नहीं आई।
प्राथमिक चिकित्सा के बाद सभी कांवड़ियों को गुलड़िया गौरी शंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना कर दिया गया। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह बनी हुई है। पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सुरक्षा की दृष्टि से तैनात हैं।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली