कैलाश आर्य स्टेट रिपोर्टर मध्यप्रदेश
बैतूल। ट्रेकिंग और पेंटिंग का संगम जिसे प्लेन एयर ट्रैकिंग या आर्ट ट्रेकिंग कहा जाता है। एडवेंचर और रचनात्मकता का एक बेहतरीन तरीका है। प्रकृति के बीच पैदल यात्रा करते हुए लाइव लैंडस्केप को कैनवास पर उतारने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। आरडी पब्लिक स्कूल के कक्षा 6 से 9वीं तक के लगभग 20 विद्यार्थियों ने शुक्रवार को हनुमान डोल की मनोरम वादियों में ट्रैकिंग एवं पेंटिंग गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने ट्रैकिंग के दौरान प्रकृति के मनमोहक दृश्यों, हरियाली और पहाडिय़ों को करीब से देखा तथा बाद में इन्हीं प्राकृतिक दृश्यों को कैनवास पर रंगों के माध्यम से जीवंत रूप दिया। युवा चित्रकार एवं कला गुरु श्रेणिक जैन के नेतृत्व तथा शिक्षिका उमा सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि में बच्चों ने प्रकृति के बीच बैठकर चित्रकारी का आनंद लिया। ट्रैकिंग के दौरान विद्यार्थियों ने हनुमान डोल के प्राकृतिक वातावरण का अनुभव किया, वहीं पेंटिंग के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त किया। पेंटिंग गतिविधि के दौरान स्पॉट शिक्षिका अंजलि साहू की उपस्थिति रही। गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, अवलोकन क्षमता, रचनात्मक सोच और कलात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना था।