✍️ इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
मुख्यमंत्री बोले- आज मुझे सगी बहन से बढ़कर बहन मिली
रायपुर। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी। वहीं स्कूली बच्चियों ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
कार्यक्रम में मूक-बधिर और दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया गया।
भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास का प्रतीक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के बीच बहनों को राखी बांधते हुए देखना उनके लिए बेहद भावुक और अद्भुत अनुभव है। भाई-बहन का रिश्ता प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का पवित्र प्रतीक है। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प लेते हैं।
नक्सलवाद के खिलाफ जवानों के बलिदान को किया नमन
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान से देश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में जवानों ने बहनों को बहुत बड़ा उपहार दिया है।
मुख्यमंत्री ने शहीद युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा का जिक्र करते हुए कहा कि आज उन्हें एक बहन मिली है। उन्होंने कहा, “मेरी कोई सगी बहन नहीं है, हम सिर्फ भाई-भाई हैं, लेकिन आज मुझे सगी बहन से बढ़कर एक बहन मिली है।”
बस्तर संभाग में तेजी से होगा विकास
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत बहनों को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले महीने की किस्त के रूप में 31वीं किस्त के तहत 68 लाख बहनों के खातों में 631 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे, ताकि बहनें रक्षाबंधन का पर्व खुशी से मना सकें।
मुख्यमंत्री ने बहनों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बस्तर संभाग में लंबे समय से अपेक्षित विकास नहीं हो सका है, लेकिन अब सरकार बस्तर में तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बस्तर के हर क्षेत्र तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।